‘ब’ से शुरू होने वाले मुहावरें

‘ब’ से शुरू होने वाले मुहावरे (अर्थ एवं वाक्य प्रयोग सहित)

यहाँ ‘‘ शब्द के कुछ प्रसिद्ध मुहावरे और उनके अर्थ एवं वाक्य में प्रयोग सहित दिए जा रहे है।

'ब' से शुरू होने वाले मुहावरें

1. बीड़ा उठाना – दायित्व लेना
वाक्य प्रयोग : भगवान श्रीराम ने सुग्रीव को राजा बनाने का बीड़ा उठाया था।

2. बाजी ले जाना या मारना – जीतना
वाक्य प्रयोग : सार्थक ने दौड़ प्रतियोगिता में बाजी मार ली।

3. बेसिर-पैर की बात करना – व्यर्थ की बात करना
वाक्य प्रयोग : जब देखो, दीपक बेसिर-पैर की बात करता है।

4. बगलें झाँकना – उत्तर न दे सकना
वाक्य प्रयोग : मास्टरजी ने गोलू से जब सवाल पूछा तो वह बगलें झाँकने लगा।

5. बगुला भगत – ढोंगी व्यक्ति
वाक्य प्रयोग : आजकल के अधिकतर साधु-संत तो बगुला भगत होते हैं। 

6. बाग-बाग होना – बहुत खुश होना
वाक्य प्रयोग : बेटे की सरकारी नौकरी लगने की बात सुनकर, उसके माता-पिता का दिल बाग-बाग हो गया।

7. बोलबाला होना – ख्याति होना
वाक्य प्रयोग : क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर का बहुत बोलबाला है।

8. बखिया उधेड़ना – भेद खोलना / पोल खोलना
वाक्य प्रयोग : अमित ने सबके सामने अशोक की बखिया उधेड़ दी।

9. बाँसों उछलना – बहुत खुश होना
वाक्य प्रयोग : डॉक्टरी की परीक्षा में मुदित का चयन हो जाने पर वह बाँसों उछलने लगा। 

10. बाट जोहना – इन्तजार अथवा प्रतीक्षा करना
वाक्य प्रयोग : माता शबरी अपनी कुटिया में श्रीराम के आने की बाट जोह रही थी।

11. बात को गाँठ में बाँधना – स्मरण रखना / याद रखना
वाक्य प्रयोग : मित्र, इस बात को गाँठ में बाँध लो कि यदि तुम स्वस्थ रहोगे तो सब सही रहेगा।

12. बात खुलना – रहस्य खुलना
वाक्य प्रयोग : कल सबके सामने गोपेश की बात खुल गई।

13. बात बनाना – झूठ बोलना
वाक्य प्रयोग : शीला बात बनाने में माहिर है। 

14. बुद्धि पर पत्थर पड़ना – अक्ल काम न करना
वाक्य प्रयोग : प्रश्न पत्र देखते ही राजू की बुद्धि पर पत्थर पड़ जाते हैं।

15. बेपेंदी का लौटा – किसी की तरफ न टिकने वाला
वाक्य प्रयोग : विश्वेन्द्र तो बेपेंदी का लौटा है, वह कभी इस पार्टी में तो कभी उस पार्टी में चला जाता है।

16. बछिया का ताऊ – मूर्ख व्यक्ति
वाक्य प्रयोग : मित्र, गोलू तो बछिया का ताऊ है।

17. बधिया बैठना – बहुत घाटा होना
वाक्य प्रयोग : शेयर मार्केट में तो पवन की बधिया बैठ गई।

18. बहत्तर घाट का पानी पीना – अनेक प्रकार के अनुभव प्राप्त करना
वाक्य प्रयोग : मेरी दादी बहत्तर घाट का पानी पी चुकी हैं, उन्हें कोई धोखा नहीं दे सकता।

19. बाएं हाथ का खेल – बहुत सुगम कार्य
वाक्य प्रयोग : कुश्ती में जीतना तो लक्ष्मण के बाएं हाथ का खेल है।

20. बारह बाट करना – तितर-बितर करना
वाक्य प्रयोग : छोटी-सी बात पर शुरू हुई लड़ाई ने मोहन और श्याम को बारह बाट कर दिया।

21. बाल की खाल निकालना – छोटी से छोटी बातों पर तर्क करना
वाक्य प्रयोग : सागर की तो किसी भी बात पर बाल की खाल निकालने की आदत है।

22. बाल बाँका न होना – जरा भी हानि न होना
वाक्य प्रयोग : तीसरी मंजिल से गिरने पर भी मोनू का बाल भी बाँका नहीं हुआ।

23. बुढ़ापे की लाठी – बुढ़ापे का सहारा
वाक्य प्रयोग : गोपाल अपने माँ-बाप के बुढ़ापे का लाठी था, परन्तु वह भी विदेश चला गया।

24. बहती गंगा में हाथ धोना – समय का लाभ उठाना
वाक्य प्रयोग : स्वास्थ्य शिविर में सभी ने बहती गंगा में हाथ धो लिए।

25. बट्टा लगाना – कलंक लगाना
वाक्य प्रयोग : जुआ खेलकर मनोज ने अपने पिता के नाम पर बट्टा लगा दिया।

26. बदन में आग लग जाना – बहुत क्रोध आना
वाक्य प्रयोग : ममता की झूठी बातें सुनकर मेरे बदन में आग लग गई।

27. बना बनाया खेल बिगड़ जाना – सिद्ध हुआ काम खराब हो जाना
वाक्य प्रयोग : कैलाश की एक छोटी-सी गलती ने सारा बना बनाया खेल बिगड़ दिया।

28. बलि जाना – न्योछावर होना
वाक्य प्रयोग : सच्चे भक्त भगवान के हर रूप पर बलि जाते हैं। 

29. बरस पड़ना – क्रोधित होना
वाक्य प्रयोग : नेहा को देखते ही माँ ज़ोर से बरस पड़ी। 

30. बाँछें खिल जाना – बहुत प्रसन्न होना
वाक्य प्रयोग : मालिक ने जब तनख्वा बढ़ाने की खबर दी तो मेरी बांछें खिल गई।

31. बाँह चढ़ाना – लड़ने को तैयार होना
वाक्य प्रयोग : किसी भी समस्या पर बाँह चढ़ाकर बात करना अच्छी आदत नहीं है।

32. बाँह पकड़ना – शरण में लेना
वाक्य प्रयोग : ईश्वर की बाँह पकड़ लो, बेड़ा पार हो जाएगा।

33. बाज न आना – बुरी आदत न छोड़ना
वाक्य प्रयोग : इतना समझाने के बाद भी आशीष अपनी आदतों से बाज नहीं आता।

34. बात का बतंगड़ बनाना – छोटी-सी बात को बहुत बढ़ा देना
वाक्य प्रयोग : कमला ने तो छोटी-सी बात का पतंगड़ बना दिया।

35. बात न पूछना – परवाह न करना
वाक्य प्रयोग : रमेश का बेटा उनकी बात नहीं पूछता है।

36. बात बढ़ना – झगड़ा होना
वाक्य प्रयोग : छोटी-सी बात इतनी बात बढ़ गई कि दोनों ओर से चाकू-छुरियाँ निकल आयीं।

37. बाल-बाल बचना – मुश्किल से बचना
वाक्य प्रयोग : सड़क दुर्घटना में कमल का पूरा परिवार बाल-बाल बच गया।

38. बात का धनी होना – वायदे का पक्का होना
वाक्य प्रयोग : श्याम अपनी बात का धनी है, इसलिए वह अपना वादा जरूर पूरा करेगा। 

39. बेड़ा गर्क करना – नष्ट करना
वाक्य प्रयोग : कल रात आई तेज आँधी ने तो मेरे खेत का बेड़ा गर्क कर दिया।

40. बे पर की उड़ाना – निराधार बातें करना
वाक्य प्रयोग : जो लोग बे पर की उड़ाते है, वह मूर्ख होते हैं।

41. बुरा फँसना – झंझट में पड़ना
वाक्य प्रयोग : रोहन इस खराब मौसम में गाड़ी से बाज़ार जाकर बुरा फँसा।

42. बुरा मानना – नाराज होना
वाक्य प्रयोग : हिमांशु बहुत जल्दी बुरा मान जाता है।

43. बेवक्त की शहनाई बजाना – अवसर के प्रतिकूल कार्य करना
वाक्य प्रयोग : पार्टी में सौरभ ने भजन चला कर बेवक़्त की शहनाई बजा दी।

44. बोलती बंद करना – भय से आवाज न निकलना
वाक्य प्रयोग : माँ ने उमा को ऐसी डाँट बताई कि उसकी बोलती बंद हो गयी।

45. बन्दर घुड़की देना – धमकाना
वाक्य प्रयोग : भारत किसी की बंदर घुड़की से डरने वाला नहीं है।

46. बाजार गर्म होना – सरगर्मी होना / तेजी होना
वाक्य प्रयोग : बरसात के मौसम में बिमारियों के चलते केमिस्टों का बाज़ार गर्म है ।

47. बात चलाना – चर्चा करना
वाक्य प्रयोग : आजकल मेरी बहन की शादी की बात चलायी जा रही है।

48. बात पर न जाना – विश्वास न करना
वाक्य प्रयोग : सुमन की बात पर न जाना क्योंकि वह बार-बार अपनी बात से पलट जाती है। 

49.बात रखना – अपनी बात पर अडिग रहना
वाक्य प्रयोग : मालिक ने मेरी तनख्वाह बढ़ाकर देने की बात रख ली।

50. बातों में उड़ाना – हँसी-मजाक में उड़ा देना
वाक्य प्रयोग : सुमित अपने माता-पिता की दी हुई सीख को बातों में उड़ा देता है।

51. बाँह देना – सहारा देना
वाक्य प्रयोग : हमें निःसहायों को हमेशा बाँह देनी चाहिए।

52. बाँह टूटना – आश्रयहीन होना
वाक्य प्रयोग : रामू के मालिक के जाने के बाद उसकी बाँह ही टूट गयी।

53. बैरंग लौटना – खाली हाथ वापिस आना 
वाक्य प्रयोग : मुदित को दूध लेने बाजार भेजा था, लेकिन वह तो बैरंग लौट आया।

54. बटरिंग करना – चापलूसी करना
वाक्य प्रयोग : कंपनी में उच्च पद पाने के लिए गगन मैनेजर की बटरिंग करने में लगा है।

55. बैक-ग्राउंड में रहना – छिपकर काम करना
वाक्य प्रयोग : मुदित के पिता तो बैक-ग्राउंड में रहना ही पसंद करते हैं।


अन्य अक्षरों से मुहावरें

| | | | | | | | | | | | | | | | | | | | | | | त्र | | | | | | | | | | | | | | | | |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!