‘भ’ से शुरू होने वाले मुहावरें
‘भ’ से शुरू होने वाले मुहावरे (अर्थ एवं वाक्य प्रयोग सहित)
यहाँ ‘भ‘ शब्द के कुछ प्रसिद्ध मुहावरे और उनके अर्थ एवं वाक्य में प्रयोग सहित दिए जा रहे है।
1. भीगी बिल्ली होना – डर से दबना
वाक्य प्रयोग : ललित अपने दादा जी के सामने भीगी बिल्ली हो जाता है।
2. भानमती का कुनबा जोड़ना – अलग-अलग तरह की चीजें जोड़ना या इकट्ठा करना
वाक्य प्रयोग : कैलाश की कॉलोनी में भानमती का कुनबा जुड़ा हुआ है, उसमें सभी तरह के लोग रहते हैं।
3. भंडा फूटना – पोल खुलना
वाक्य प्रयोग : सबके सामने भंडा फूटने के डर से गोविन्द पार्टी से चला गया।
4. भंडा फोड़ना – पोल खोलना
वाक्य प्रयोग : महेश ने सबके सामने रवि का भंडा फोड़ दिया।
5. भगवान को प्यारे हो जाना – मर जाना
वाक्य प्रयोग : महिमा की दादी आज सुबह भगवान को प्यारी हो गई।
6. भरी थाली में लात मारना – लगी लगाई नौकरी छोड़ना
वाक्य प्रयोग : लगता है कि नमन की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, तभी तो उसने भरी थाली में लात मार दी।
7. भांजी मारना – किसी के बनते काम को बिगाड़ना
वाक्य प्रयोग : सोनू के विवाह में उसके पड़ोसी ने भांजी मार दी।
8. भेड़ की खाल में भेड़िया – देखने में सरल तथा भोलाभाला, पर वास्तव में खतरनाक
वाक्य प्रयोग : मानसिंह से दूर ही रहना, क्योंकि वह तो भेड़ की खाल में भेड़िया है।
9. भैंस के आगे बीन बजाना – मूर्ख को समझाने का प्रयत्न करना / निरर्थक प्रयत्न करना
वाक्य प्रयोग : कोयल को कोई बात समझाना तो भैंस के आगे बीन बजाना है।
10. भौंहे टेढ़ी करना – क्रोध आना
वाक्य प्रयोग : मास्टरजी के भौंहे टेढ़ी करते ही चीनू चुप हो गया।
11. भनक पड़ना – सुनाई पड़ना
वाक्य प्रयोग : जेल से कैदी दीवार फांद कर भाग गए और पुलिस को भनक भी नहीं पड़ी।
12. भाड़ झोंकना – व्यर्थ समय नष्ट करना
वाक्य प्रयोग : मदन, पढ़ाई-लिखाई कर लो नहीं तो सारी जिंदगी भाड़ झोंकोगे।
13. भाड़े का टट्टू – किराए का आदमी
वाक्य प्रयोग : नेता जी ने रैली में भाड़े के टट्टू बुला रखे हैं।
14. भूत चढ़ना या सवार होना – किसी काम में पूरी तरह लग जाना
वाक्य प्रयोग : समीर पर तो कक्षा में प्रथम आने का भूत सवार है, इसलिए दिन रात पढ़ने में ही लगा रहता है।
15. भूत उतरना – क्रोध शांत होना
वाक्य प्रयोग : सोनू से कुछ मत कहो, कुछ देर बाद खुद ही भूत उतर जाएगा।
16. भूत बनकर लगना – जी-जान से लगना
वाक्य प्रयोग : राकेश तो मेरे पीछे भूत बनकर लग गया है, वो मेरा पीछा ही नहीं छोड़ता।
17. भृकुटि तन जाना – क्रोध आना
वाक्य प्रयोग : गोलू की बात सुनते ही पिताजी की भृकुटि तन गई।
18. भोग लगाना – देवता या ईश्वर को नैवेद्य चढ़ाना
वाक्य प्रयोग : मेरी माँ सबसे पहले ईश्वर को भोग लगाती है।
19. भाग्य खुलना – भाग्य चमकना
वाक्य प्रयोग : अच्छी नौकरी मिलते ही राजीव का तो भाग्य खुल गया है।
20. भाग्य फूटना – किस्मत बिगड़ना
वाक्य प्रयोग : तुमसे शादी होकर तो रमा का भाग्य ही फूट गया।
21. भूँजी भाँग न होना – अत्यंत दरिद्र होना
वाक्य प्रयोग : रजत के कर में भूँजी भाँग तक नहीं है और बात करता है पार्टी देने की।
22. भेड़िया धसान होना – देखा-देखी करना
वाक्य प्रयोग : हमारी कॉलोनी में तो सब भेड़िया धसान है, एक आदमी जो करेगा, वही सब करने लगेंगे।
23. भगीरथ प्रयत्न – बहुत बड़ा प्रयत्न
वाक्य प्रयोग : हमारे इंजीनियरों ने भगीरथ प्रयत्न करके टिहरी बाँध का निर्माण कार्य सफलता पूर्वक किया।
24. भीष्म प्रतिज्ञा – कठोर प्रतिज्ञा
वाक्य प्रयोग : मेरे दादा जी का वचन भीष्म प्रतिज्ञा ही समझो।
अन्य अक्षरों से मुहावरें
अ | आ | इ | ई | उ | ऊ | ए | ऐ | ओ | औ | क | ख | ग | घ | च | छ | ज | झ | ट | ठ | ड | ढ | त | त्र | थ | द | ध | न | प | फ | ब | भ | म | य | र | ल | व | श | ष | स | ह