‘म’ से शुरू होने वाले मुहावरें
‘म’ से शुरू होने वाले मुहावरे (अर्थ एवं वाक्य प्रयोग सहित)
यहाँ ‘म‘ शब्द के कुछ प्रसिद्ध मुहावरे और उनके अर्थ एवं वाक्य में प्रयोग सहित दिए जा रहे है।
1. मुँह धो रखना – आशा न रखना
वाक्य प्रयोग : सुमन के होते हुए तुम कक्षा में प्रथम आने की सोच रहे हो, तो अपना मुँह धो रखो।
2. मुँह में पानी आना – लालच होना
वाक्य प्रयोग : चॉकलेट को देखते ही गोलू के मुँह में पानी आ गया।
3. मैदान मारना – बाजी जीतना / सफलता प्राप्त करना
वाक्य प्रयोग : विराट कोहली के शतक से भारतीय टीम ने पाकिस्तानी टीम पर मैदान मार लिया।
4. मैदान साफ होना – कोई रुकावट न होना
वाक्य प्रयोग : इंग्लैंड की टीम को सेमीफाइनल में हराने के बाद भारतीय टीम का विश्व कप में मैदान साफ हो गया।
5. मिट्टी के मोल बिकना – बहुत सस्ता
वाक्य प्रयोग : पति के बीमार होने पर सुमन ने अपने गहने मिट्टी के मोल बेच दिए।
6. मुट्ठी गरम करना – घूस देना
वाक्य प्रयोग : राजू के मुट्ठी गर्म करने के बाद ही कैलाश काम करने को तैयार हुआ।
7. मुँह बंद कर देना – शांत कराना
वाक्य प्रयोग : बदमाश धमकी देकर भोलू का मुँह बंद कर देना चाहते है।
8. मीठी छुरी – छली-कपटी मनुष्य
वाक्य प्रयोग : विमला तो मीठी छुरी है, इसलिए मैं उससे बार नहीं करना चाहती।
9. मुँह अँधेरे – बहुत सवेरे
वाक्य प्रयोग : राजू के दादा जी मुंह अंधेरे उठकर की स्नान कर लेते हैं।
10. मुँह काला होना – अपमानित होना
वाक्य प्रयोग : परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने पर दीपक का मुँह काला हो गया।
11. मुँह की खाना – हारना / पराजित होना
वाक्य प्रयोग : शेरसिंह को कुश्ती में मेहुल से मुँह की खानी पड़ी।
12. मक्खन लगाना – चापलूसी करना
वाक्य प्रयोग : तरुण दो साल से बॉस को मक्खन लगा रहा था, तब जाकर उसका प्रमोशन हुआ।
13. मक्खी मारना – बेकार रहना
वाक्य प्रयोग : एम.बी.ए. करने के बाद भी देवदत्त मक्खी मार रहा है।
14. मगजपच्ची करना / माथापच्ची करना – समझाने के लिए बहुत बोलना
वाक्य प्रयोग : इस मूर्ख के साथ कौन मगजपच्ची करे।
15. मगरमच्छ के आँसू – दिखावटी सहानुभूति प्रकट करना
वाक्य प्रयोग : रोहित का प्रमोशन ना होने पर विवेक मगरमच्छ के आँसू बहा रहा था।
16. मरने को भी छुट्टी न होना – अत्यधिक व्यस्त रहना
वाक्य प्रयोग : श्यामलाल के पास तो मरने की भी छुट्टी नहीं होती।
17. मरम्मत करना – मारना-पीटना
वाक्य प्रयोग : पिताजी ने सुबह-सुबह चिंटू की मरम्मत कर दी।
18. मस्तक ऊँचा करना – प्रतिष्ठा बढ़ाना
वाक्य प्रयोग : सेना में भर्ती होकर हिम्मत सिंह ने अपने माँ-बाप का मस्तक ऊँचा कर दिया।
19. महाभारत मचाना – खूब लड़ाई-झगड़ा करना
वाक्य प्रयोग : कमला और उसके पड़ोसिन ने सुबह से महाभारत मचा रखी है।
20. मांग उजड़ना – विधवा होना
वाक्य प्रयोग : सड़क दुर्घटना के कारण युवावस्था में ही रीना की मांग उजड़ गई।
21. मिजाज आसमान पर होना – बहुत घमंड होना
वाक्य प्रयोग : नया घर खरीदने के बाद शंकर का मिजाज आसमान पर हो गया है।
22. मिट्टी डाल – किसी के दोष को छिपाना
वाक्य प्रयोग : हमें बच्चों की गलतियों पर मिट्टी नहीं डालनी चाहिए।
23. मुँह पर कालिख लगना – कलंकित होना
वाक्य प्रयोग : जुआ खेलते हुए पकड़े जाने पर खेमचंद के मुँह पर कालिख लग गई।
24. मुँह पर ताला लगना – चुप रहने के लिए विवश होना
वाक्य प्रयोग : कक्षा में मास्टरजी के आने पर सब छात्रों के मुँह पर ताला लग जाता है।
25. मुँह पर थूकना – बुरा-भला कहना
वाक्य प्रयोग : जब लोगों को पता चला कि रफ़ीक हेराफेरी करके पैसा कमाता है, तो सब उसके मुँह पर थूक गए।
26. मुँह फुलाना – अप्रसन्नता या असंतुष्ट होकर रूठ कर बैठना
वाक्य प्रयोग : टीना ज़रा-सी बात पर ही अपना मुँह फुलाए घूम रही है।
27. मुँह सिलना – चुप रहना
वाक्य प्रयोग : बदमाशों के सामने कमजोर व्यक्ति को अपना मुँह सिलना ही पड़ता है।
28. मुँह काला करना – कलंकित होना
वाक्य प्रयोग : शराब बेचकर हरीश ने तो हमारा मुँह काला कर दिया ।
29. मुँह चुराना – सम्मुख न आना
वाक्य प्रयोग : रोहन कब तक पिताजी से मुँह चुराओगे, जाकर उनसे माफी माँग लो।
30. मुँह जूठा करना – थोड़ा-सा खाना / चखना
वाक्य प्रयोग : शीला यदि भूख नहीं है, तो थोड़ा-सा मुँह जूठा कर लो।
31. मुँहतोड़ जबाब देना – ऐसा उत्तर देना कि दूसरा कुछ बोल ही न सके
वाक्य प्रयोग : सीमा ने ऐसा मुँहतोड़ जबाब दिया कि सबकी बोलती बंद हो गई।
32. मुँह निकल आना – कमजोरी के कारण चेहरा उतर जाना
वाक्य प्रयोग : बुखार के कारण पिंटू का तो मुँह निकल आया है।
33. मुँह की बात छीन लेना – दूसरे के मन की बात कह देना
वाक्य प्रयोग : पिताजी ने छुट्टियों में शिमला घूमने जाने का प्रोग्राम बता कर हमारे मुँह की बात छीन ली।
34. मुँह में खून लगना – अनुचित लाभ की आदत पड़ना
वाक्य प्रयोग : रिश्वत का पैसा एक बार मिल जाने के बाद तो रामलाल के मुँह में खून लग गया है।
35. मुँह मोड़ना – उपेक्षा करना
वाक्य प्रयोग : सच्चा मित्र जरूरत के वक़्त अपना मुँह कभी नहीं मोड़ता।
36. मुँह लगाना – बहुत स्वतंत्रता देना
वाक्य प्रयोग : निर्मला ने अपने नौकरों को बहुत मुँह लगा रखा है।
37. मूँछ उखाड़ना – गर्व नष्ट करना
वाक्य प्रयोग : सतपाल ने कुश्ती में आज भीमसिंह की मूँछ उखाड़ दी।
38. मूँछ मुड़वाना – वायदे का पक्का होना
वाक्य प्रयोग : गौरव ने कहा कि यदि मेरी बात झूठी निकली तो मैं मूँछ मुड़वा लूँगा।
39. मूँछ नीची होना – लज्जित होना
वाक्य प्रयोग : सबके सामने बेटे के टका-सा जवाब देने पर मदन की मूँछ नीची हो गई।
40. मूँछों पर ताव देना – वीरता की अकड़ दिखाना
वाक्य प्रयोग : जब से भैरोंसिंह ने गोपाल को कुश्ती में हराया है, तब से वह अपनी मूँछों पर ताव देता फिरता है।
41. मैदान छोड़ना – युद्धक्षेत्र से भाग जाना
वाक्य प्रयोग : भारतीय सेना को देखकर आतंकवादी मैदान छोड़ कर भाग गए।
42. म्यान से बाहर होना – अत्यन्त क्रुद्ध होना
वाक्य प्रयोग : श्याम के दादाजी जरा-सी बात पर ही म्यान से बाहर हो जाते हैं।
43. मन उड़ा-उड़ा सा रहना – मन स्थिर न रहना
वाक्य प्रयोग : घूमने जाने की बात सुनकर मेरा मन तो उड़ा-उड़ा सा रहता है।
44. मन डोलना – इच्छा होना / ललचाना
वाक्य प्रयोग : रास्ते में खिलौनों की दुकान दिखते ही सोनू का मन डोलने लगा।
45. मजा किरकिरा होना – आनंद में विघ्न पड़ना
वाक्य प्रयोग : बारिश आने के कारण फ़िल्म देखने जाने का सारा मजा किरकिरा हो गया।
46. मजा चखाना – गलती की सजा देना
वाक्य प्रयोग : गाँव वालों ने चोर को पकड़ कर उसे खूब मजा चखाया।
47. मन कच्चा होना/करना – हिम्मत हारना या छोड़ना
वाक्य प्रयोग : नौकरी नहीं मिलने के कारण अशोक का तो मन कच्चा हो गया है।
48. मन की मन में रह जाना – इच्छा पूरी न होना
वाक्य प्रयोग : बच्चों की इच्छा पूरी करने के लिए माता-पिता के मन की मन में रह जाती है।
49. मन मसोस कर रह जाना / मन मार कर रह जाना – मन मार कर रह जाना
वाक्य प्रयोग : पिताजी ने जब घूमने जाने को मना कर दिया तो बच्चे मन मसोस कर रह गए।
50. मन में बसना – प्रिय लगना
वाक्य प्रयोग : ईश्वर तो हमेशा हमारे मन में बसते हैं।
51. मन में चोर होना – मन में धोखा-फरेब होना
वाक्य प्रयोग : लोकेश के तो मन में चोर है, इसलिए वह सबसे मुँह छुपाता फिरता है।
52. मन रखना – इच्छा पूरी करना
वाक्य प्रयोग : कमलेश ने अपने बेटे का मन रखने के लिए उसे मोबाइल दिला दिया।
53. मस्ती मारना – मौज उड़ाना
वाक्य प्रयोग : स्कूल पिकनिक में सब बच्चों ने खूब मस्ती मारी।
54. मिट्टी का माधो – मूर्ख
वाक्य प्रयोग : जीतू तो मिट्टी का माधो है, उससे कुछ नहीं होने वाला।
55. मिट्टी में मिलाना – नष्ट करना
वाक्य प्रयोग : भारतीय जवानों ने अतांकवादियों के ठिकाने को मिट्टी में मिला दिया।
56. मिट्टी पलीद करना – दुर्गति करना
वाक्य प्रयोग : भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तानी सैनिकों की मिट्टी पलीद कर दी।
57. माथा ठनकना – खटका पैदा होना / आशंका होना
वाक्य प्रयोग : पुलिस के हमारी कॉलोनी में आते ही हमारा माथा ठनक गया।
58. मार-मार कर चमड़ी उधेड़ देना – बहुत पीटना
वाक्य प्रयोग : इंस्पेक्टर ने चोर को मार-मार कर उसकी चमड़ी उधेड़ दी।
59. मारा-मारा फिरना – इधर-उधर ठोकरें खाते फिरना
वाक्य प्रयोग : सोहन नौकरी की तलाश में सब जगह मारा-मारा फिर रहा है।
60. माला फेरना – माला के दानों को गिनकर जप करना
वाक्य प्रयोग : मेहनती लोग माला फेरने के भरोसे नहीं बैठे रहते।
61. मिट्टी खराब करना – दुर्दशा करना
वाक्य प्रयोग : गगन के लड़ाई-झगड़ा करने की आदत ने उसके परिवार वालों की मिट्टी खराब कर दी।
62. मिलीभगत होना – गुप्त सहमति होना
वाक्य प्रयोग : पुलिसवालों की मिलीभगत से चोर जेल से भाग गए।
63. मुट्ठी में होना – वश में होना
वाक्य प्रयोग : अब किशन मेरी मुट्ठी में है, मैं उससे जो कहूँगा वह वही करेगा।
64. मुराद पूरी होना – मनोकामना पूरी होना
वाक्य प्रयोग : भगवान सबकी मुराद पूरी करते हैं।
65. मेल खाना – संगति के अनुकूल होना
वाक्य प्रयोग : राजेश और मोहित के विचार बहुत मेल खाते हैं, इसलिए दोनों में गहरी दोस्ती है।
66. मोर्चा लेना – युद्ध करना
वाक्य प्रयोग : कारगिल में भारतीय सेना ने पाकिस्तान से मोर्चा लेकर उसे पराजित कर दिया।
67. मोल-भाव करना – कीमत घटा-बढ़ा कर सौदा करना
वाक्य प्रयोग : नेहा तो मोल-भाव करने में माहिर है।
68. मौका हाथ आना – अवसर आना
वाक्य प्रयोग : मौका हाथ आएगा तो, मैं अवश्य काम पूरा करूँगा।
69. मौत के मुँह में जाना – जान जोखिम में डालना
वाक्य प्रयोग : सीमा को बदमाशों से बचाने के लिए राजन को मौत के मुँह में जाना पड़ा।
70. मौत बुलाना – खतरनाक कार्य करना
वाक्य प्रयोग : सड़क पर कार को तेज चलाना मौत बुलाने के समान है।
71. मर मिटना – कुर्बान हो जाना
वाक्य प्रयोग : सीमा पर जवान अपने देश की रक्षा में मर मिटते हैं।
72. मुठभेड़ होना – सामना होना
वाक्य प्रयोग : मनोज और सुरेश के बीच कुश्ती में मुठभेड़ होना निश्चित है।
73. मुफ़्त की रोटियाँ तोड़ना – बिना काम किये दूसरों का अन्न खाना
वाक्य प्रयोग : बबलू कब तक मुफ्त की रोटियाँ तोड़ते रहोगे, कुछ काम क्यों नहीं करते।
74. मोम हो जाना – कोमल होना
वाक्य प्रयोग : किसी का भी दुःख देखकर मेरा मन मोम हो जाता है।
75. मन में आशा जगाना – उम्मीद पैदा करना
वाक्य प्रयोग : अच्छी बारिश ने उदास किसानों के मन में आशा जगा दी।
76. मन के लड्डू खाना – व्यर्थ की आशा पर प्रसन्न होना
वाक्य प्रयोग : राजू मन के लड्डू खाने से काम नहीं चलेगा, कुछ काम तो करना ही पड़ेगा।
77. मीन-मेख करना – व्यर्थ तर्क करना
वाक्य प्रयोग : सरोज की मालकिन की सबके काम में मीन-मेख करने की आदत है।
78. मोटा आसामी – मालदार आदमी / धनवान व्यक्ति
वाक्य प्रयोग : मेरा मित्र अशोक मोटा असामी होते हुए भी मन का बहुत दयालु है।
79. मुँह पर कालिख लगना – कलंकित होना
वाक्य प्रयोग : जुआ खेलते हुए पकड़े जाने पर खेमचंद के मुँह पर कालिख लग गई।
80. मुँह छिपाना – लज्जित होना
वाक्य प्रयोग : गोविन्द तो आजकल मुझसे मुँह छिपाये बैठा है।
81. मुँह पकड़ना – बोलने से रोकना
वाक्य प्रयोग : अचानक किसी के आ जाने से पिता जी ने मेरा मुँह पकड़ लिया।
82. मुँह उतरना – उदास होना
वाक्य प्रयोग : अच्छी नौकरी नहीं मिल पाने ले कारण हरीश का मुँह उतर गया।
83. मुँह में लगाम न होना – बिना सोचे-समझे बोलना
वाक्य प्रयोग : लगता है कि सीमा के मुँह में लगाम नहीं है।
84. मुँह मीठा करना – मिठाई खिलाना
वाक्य प्रयोग : नई कार खरीदने पर कैलाश ने सारे पड़ोसियों का मुँह मीठा कराया।
85. मुँह से लार टपकना – बहुत लालची होना
वाक्य प्रयोग : गर्म-गर्म जलेबियों को देखकर मेरे मुँह से लार टपकने लगी।
86. मुँहफट हो जाना – निर्लज्ज होना
वाक्य प्रयोग : हरी का बेटा तो बहुत ही मुँहफट है।
87. मुँहदेखी करना – पक्षपात करना
वाक्य प्रयोग : कोयल की दादी की मुँहदेखी करने की आदत है।
88. मुँह भरना – घूस देना
वाक्य प्रयोग : जब रवि ने चपरासी का मुँह भरा तब जाकर उसने रवि को ऑफिसर से मिलने दिया।
89. मुँह लटकना या लटकाना – दुखी होना / उदास होना
वाक्य प्रयोग : परीक्षा में कम मार्क्स आने पर विमला का मुँह लटक गया।
90. मुँह सूखना – प्यास लगना
वाक्य प्रयोग : तेज धूप में बाज़ार जाने पर मेरा मुँह सूखने लगा।
91. मुँह ताकना – किसी का आसरा करना / दूसरे पर आश्रित होना
वाक्य प्रयोग : मेहनती लोग कभी किसी का मुँह नहीं ताकते।
92. मुँह से फूल झड़ना – मधुर बोलना
वाक्य प्रयोग : रिया जब बात करती है तो मानो उसके मुँह से फूल झड़ रहे हों।
93. मन हरा होना – प्रसन्न होना
वाक्य प्रयोग : बेटे की सरकारी नौकरी लगने की खबर सुनकर रामसिंह का मन हरा हो गया।
94. मन टटोलना – किसी के विचारों से अवगत होने के लिए प्रयत्न करना
वाक्य प्रयोग : पिताजी तुम्हारा मन टटोल रहे थे कि तुम पढ़ाई करने के लिए विदेश जाना चाहते हो या नहीं ?
95. मन चलना – इच्छा होना
वाक्य प्रयोग : रास्ते में चाट का ठेला देखकर मेरा मन चल गया।
96. मन मारकर बैठ जाना – निराश होना
वाक्य प्रयोग : पराक्रमी लोग अपनी पराजय पर मन मारकर नहीं बैठते।
97. मन बहलाना – किसी काम में लगकर मन को प्रसन्न करना
वाक्य प्रयोग : लता सुबह से दुःखी दिखाई दे रही है, क्यूँ न फिल्म दिखाकर उसका मन बहलाया जाए।
98. मन मैला करना – मन में किसी के प्रति कुछ कटुता रखना
वाक्य प्रयोग : हमें कभी भी अपनों से मन मैला नहीं करना चाहिए।
अन्य अक्षरों से मुहावरें
अ | आ | इ | ई | उ | ऊ | ए | ऐ | ओ | औ | क | ख | ग | घ | च | छ | ज | झ | ट | ठ | ड | ढ | त | त्र | थ | द | ध | न | प | फ | ब | भ | म | य | र | ल | व | श | ष | स | ह